अल्मोड़ा-पनिउडियार वार्ड में धार की तूनी से लगभग 100 मीटर नीचे राष्ट्रीय राजमार्ग में एक जगह पर सीवर चेंबर का ढक्कन बुरी तरह से क्षतिग्रस्त है जिससे लगातार दुर्घटना का खतरा बना हुआ है।आज पनिउडियार वार्ड के पार्षद भूपेंद्र जोशी ने वार्ड भ्रमण के दौरान मुख्य सड़क पर सीवर लाईन चेंबर के इस क्षतिग्रस्त पड़े ढक्कन पर गहरा रोष व्यक्त करते हुए तत्काल विभाग से इसको बदलने की मांग की है। इस अवसर पर पार्षद भूपेंद्र जोशी ने कहा कि सीवर चेंबर का क्षतिग्रस्त ढक्कन लगातार दुर्घटना को दावत दे रहा है। संबंधित विभाग के द्वारा इसका सुधारीकरण कर लिया जाना था लेकिन आज एक लंबा समय बीत जाने के बाद भी ढक्कन को नहीं बदला जाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि मुख्य राष्ट्रीय राजमार्ग पर इस तरह सड़क पर सीवर चैंबर का ढक्कन टूटने से गड्ढा बन गया है जो दो पहिया वाहन चालकों और पैदल चलने वालों के लिए किसी भी वक्त दुर्घटना का सबब बन सकता है। उन्होंने कहा कि संबंधित विभाग को समय-समय पर निरीक्षण कर यह देखना चाहिए कि सीवर लाईन अथवा इससे संबंधित चैंबर अथवा ढक्कन सही हालत में है या नहीं।उन्होंने कहा कि तत्काल विभाग सीवर लाईन के इस क्षतिग्रस्त पड़े चेंबर के ढक्कन को दुरुस्त करें ताकि किसी भी तरह की दुर्घटना को रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *