अल्मोड़ा-पर्वतीय क्षेत्र में रात्रि में पथ प्रकाश की व्यवस्था आमजन के लिए मूलभूत आवश्यकता में आती है। पर्वतीय क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति एवं रात्रि में जानवर इत्यादि को देखते हुए आवासीय क्षेत्रों में पथ प्रकाश की व्यवस्था का चाक चौबंद होना बेहद आवश्यक है। इसी के दृष्टिगत पार्षद दीपक कुमार ने अपने वार्ड तल्ला ओढ़खोला में पथ प्रकाश की व्यवस्था दुरूस्त करने के लिए आवश्यक कदम उठाए।आज दीपक कुमार ने अपने वार्ड में कर्मचारियों के साथ घर घर जाकर वार्ड वासियों से बात की तथा जिन जगहों पर पथ प्रकाश की आवश्यकता थी वहां पर पथ प्रकाश की व्यवस्था दुरूस्त करने के साथ ही ऐसे स्थानों को चयनित किया जहां पर पथ प्रकाश की आवश्यकता है।इस अवसर पर पार्षद दीपक कुमार ने कहा कि नगर निगम महापौर से बात कर वार्ड में सोलर लाइटों की उचित व्यवस्था भी नगर निगम के माध्यम से कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि वार्ड में जितनी भी समस्याएं हैं उनका चिन्हीकरण उनके द्वारा किया जा रहा है तथा चरणबद्ध तरीके से सभी समस्याओं के समाधान के लिए वे प्रयासरत रहेंगे। उन्होंने कहा कि वार्ड की समस्यायों का समाधान करना उनकी प्राथमिकता है।इस अवसर पर पार्षद के साथ अनूप कुमार,अंकित टम्टा,रोहित कुमार,रवि कुमार,दिनेश कुमार सहित स्थानीय लोग मौजूद रहे।
