अल्मोड़ा-आज कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज ने जिलाधिकारी को पत्र देकर नगर अंतर्गत बनी दो पार्किंगों का संचालन करने की मांग की है।जिलाधिकारी को सौंपे पत्र में कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज ने कहा कि आपके संज्ञान में लाना है कि अल्मोड़ा नगर क्षेत्र में टैक्सी स्टैंड के समीप बनी पार्किंग और भैरव मंदिर के समीप बनी पार्किंग जिसका उद्घाटन एक वर्ष पूर्व मुख्यमंत्री द्वारा किया जा चुका है आज तक संचालित नहीं हो पाई है।इस संबंध में कई बार प्रशासन को चेतावनी देने के पश्चात अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। नगर में बढ़ते यातायात और पार्किंग की समुचित व्यवस्था न होने के कारण जनता को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है तथा वाहन चालकों को सड़क किनारे पार्किंग करनी पड़ रही है जिससे यातायात बाधित हो रहा है तथा दुर्घटनाओं की संभावना बन रही है। प्रशासन की उदासीनता के कारण कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता जनहित में अनिश्चितकालीन क्रमिक अनशन करने के लिए बाध्य हो रहे हैं। यदि शीघ्र प्रशासन के द्वारा पार्किंग का संचालन नहीं किया जाता है तो मजबूरन कांग्रेस को एक बड़े आंदोलन को आगे आना होगा जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन प्रशासन की होगी। उन्होंने ज्ञापन के माध्यम से अनुरोध किया है कि गंभीरता पूर्वक विचार करते हुए पार्किंग संचालन में आ रही दिक्कतों को तुरंत दूर करने हेतु उचित कदम उठाएंगे। उन्होंने कहा कि 31 मार्च तक पार्किंगों का संचालन ना होने पर कांग्रेस 1 अप्रैल 2025 से टैक्सी स्टैंड की पार्किंग में अनिश्चितकालीन धरना/ आंदोलन करने को बाध्य होगी।
