चम्पावत-गुरूवार को प्रैसवार्ता कर सूरज प्रहरी जिलाध्यक्ष युवा कांग्रेस ने भाजपा सरकार के चार वर्ष के कार्यकाल को निराशाजनक करार दिया।उन्होंने बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी,भ्रष्टाचार,गैरसैण मण्डल,मुख्यमंत्री तीरथ रावत के महिलाओं एवं युवाओं को लेकर दिये गए बयान,कुम्भ मेले,बैंक भर्ती, विकास कार्यों को लेकर भाजपा सरकार के साथ मोदी सरकार को पूरी तरह असफल बताया।युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रहरी ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में प्रति बैरलों में गिरावट है तो देश में पेट्रोल डीजल के दामों में दिन प्रतिदिन बढ़ोत्तरी क्यों की जा रही है।उन्होंने कहा कि कच्चे तेल की कीमत कम होने के बावजूद भी मोदी सरकार आये दिन तेल के दाम बड़ा रही है जो की आम जनता के साथ खुलेआम लूट है।उन्होंने जल्द से जल्द मोदी सरकार से पेट्रोल डीजल के दाम कम करने की मांग की।उन्होंने गैस सिलेंडर के दामों में बेतहाशा वृद्धि को लेकर भी सरकार को कटघरे पर खड़ा करते हुए कहा कि आम आदमी को जिस तरह राज्य/ केंद्र सरकार ने सब्सिडी के नाम पर गुमराह कर दिन प्रतिदिन गैस सिलेंडर के दामों में बेतहाशा वृद्धि की वह सीधे गरीब जनता के साथ धोखा है।उन्होंने कहा कि मोदी सरकार शीघ्र ही गैस सिलेंडर के बढ़े हुए दाम कम करें।सूरज ने कहा कि महंगाई यूपीए सरकार में जिन्हें डायन लगती थी आज वह महंगाई को विकास समझ बैठे है।उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार महंगाई के जरिये पूंजीपतियों को फायदा पहुंचा रही है।उन्होंने कहा कि राज्य एवं केंद्र सरकार के अहंकार का घड़ा अब भर चुका है।अब जनता मोदी सरकार को 2024 में केंद्र की सत्ता से एवं 2022 में राज्यों से उखाड़ फेंकने को तैयार है।उन्होंने कहा कि बेरोजगारी दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही है लेकिन सरकार के कानों में जूं तक नहीं रेंग रही है।उन्होंने कहा कि युवाओं का भविष्य अंधकारमय हो रहा है।उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने कुमाऊँ के साथ भेदभाव पूर्ण रवैया अपनाते हुए कुमाऊँ के जिलों को तोड़ने का काम किया। अल्मोड़ा,बागेश्वर को चमोली पौड़ी में मिलाकर कुमाऊँ के इतिहास को मिटाने का काम किया है,जिसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जायेगा।स्वतंत्रता प्राप्ति में अल्मोड़ा जिले का बहुत बड़ा योगदान रहा है।तब पिथौरागढ,चम्पावत,बागेश्वर भी अल्मोड़ा जिले का ही अंग हुआ करता था।भाजपा ने त्रिवेंद्र रावत को मुख्यमंत्री पद से हटाकर तीरथ रावत के तौर पर अपना मुखौटा बदला है।उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने महिलाओं एवं युवक युवतियों के पहनावे को लेकर जो टिप्पणी की थी वह दुर्भाग्यपूर्ण है।भाजपा शासन में विकास का पहिया जाम हो चुका है।उन्होंने भाजपा सरकार को हर मोर्चे पर विफल करार दिया।पत्रकार वार्ता में विकास साह जिला महामंत्री,हरीश चौधरी अध्यक्ष कांग्रेस सेवादल,युवा कांग्रेस के रोहित बिष्ट सभासद/जिला महामंत्री,मयूख चौधरी सहित कांग्रेस जन उपस्थित रहे।