अल्मोड़ा-अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर स्प्रिंग डेल स्कूल अल्मोड़ा द्वारा महिला सशक्तिकरण और समानता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक मिनी मैराथन का आयोजन किया गया।इस दौड़ में महिलाओं,बच्चों, शिक्षिकाओं और अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।इस दौड़ का आयोजन प्रधानाचार्या श्रीमती ज्योत्सना सोहनलाल के नेतृत्व में किया गया।जिसकी कुल लंबाई 5 किलोमीटर थी।यह मैराथन स्प्रिंग डेल स्कूल से शुरू होकर रघुनाथ सिटी मॉल पर समाप्त हुई।करीब 100 प्रतिभागियों ने इसमें हिस्सा लिया और समाज में महिलाओं की महत्ता का संदेश दिया।दौड़ का उद्घाटन शिक्षिका ज्योति तिवारी और शिक्षिका निधि दांगी ने हरी झंडी दिखाकर किया।उन्होंने अपने संदेश में कहा कि महिला केवल एक गृहिणी नहीं बल्कि समाज की एक मजबूत नींव,एक लीडर,एक स्टार और बदलाव की प्रतीक हैं।आज की महिलाएं सिर्फ घर तक सीमित नहीं हैं बल्कि वे फौज में अफसर,डॉक्टर,वकील,सामाजिक कार्यकर्ता,मुख्यमंत्री,राष्ट्रपति,बड़े पत्रकार,आईएएस और आईपीएस अधिकारी के रूप में देश और समाज की सेवा कर रही हैं।इस दौड़ के माध्यम से महिलाओं ने यह संदेश दिया कि हर महिला के अंदर एक लीडर है, एक शक्ति है जो समाज में बदलाव ला सकती है।यह दौड़ सिर्फ सड़कों पर दौड़ने की नहीं, बल्कि मानसिक और सामाजिक बंधनों को तोड़ने की भी थी। इसने यह संदेश दिया कि आप अपनी काबिलियत को पहचानें,अपनी क्षमताओं पर विश्वास करें और अपने हौसले को कभी कमजोर न होने दें।अगर आप ठान लें, तो कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।स्प्रिंग डेल स्कूल अल्मोड़ा द्वारा किया गया यह प्रयास समाज में महिलाओं की ताकत को पहचानने और उन्हें प्रेरित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *