अल्मोड़ा-कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज ने कहा कि एक साल पूर्व मुख्यमंत्री के द्वारा अल्मोड़ा में दो पार्किंगों का उद्घाटन किया गया लेकिन एक साल बीतने के बावजूद भी अभी तक जिला प्रशासन अल्मोड़ा में टैक्सी स्टैंड के पास व भैरव मंदिर के पास बनी पार्किंग को शुरू नहीं कर पाया जिसके कारण अल्मोड़ा में बार बार जाम लग रहा है।मुख्यमंत्री द्वारा किए उद्घाटन पर जिला प्रशासन को स्पष्ट करना चाहिए कि क्या उनके द्वारा अधूरी पार्किंग का उद्घाटन करवाया गया या सरकार द्वारा झूठी वाहवाही के लिए अधूरी पार्किंग का उद्घाटन कर दिया या किस कारण से अभी तक पार्किंग सुचारू नहीं की जा सकी। उन्होंने कहा कि भैरव मंदिर के पास बनी पार्किंग में दो पहिया वाहन जाने का कोई रास्ता नहीं बनाया गया और गलत नक्शे पर करोड़ों रुपए की पार्किंग बना दी गई और आशंका है कि पार्किंग को कुछ रसूकदार लोगो को देकर दुकान और गोदाम बनाने की तैयारी हो रही है जिससे करोड़ों रुपए का दुरुपयोग सम्भव है। उन्होंने कहा कि सरकार को ऐसे अधिकारियों से वसूली करनी चाहिए जिनके द्वारा करोड़ों रुपए का नुकसान राज्य को पहुंचाया गया और ऐसे अधिकारियों के खिलाफ सरकार को मुकदमा दायर करना चाहिए।इसके साथ ही जो राजस्व की हानि हुई है उसकी भरपाई संबंधित विभाग से की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा बताये कि एक साल पूर्व हुये पार्किंग के उद्धघाटन के बाद भी अभी तक अल्मोड़ा में पार्किंग क्यूँ संचालित नहीं हो पायी। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि शीघ्र ही अल्मोड़ा में बनी हुई पार्किंग जिनका उद्घाटन मुख्यमंत्री द्वारा किया गया है अगर एक माह के भीतर संचालित नहीं की गई तो कांग्रेस को आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा।
