अल्मोड़ा-वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पींचा द्वारा कर्मचारियों की आवासीय सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में रविवार को क्षेत्राधिकारी अल्मोड़ा गोपाल दत्त जोशी ने पुलिस लाइन अल्मोड़ा स्थित अधिकारियों व कर्मचारियों के आवासीय भवनों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान टाइप-I, टाइप-II एवं टाइप-III श्रेणी के सभी आवासीय भवनों और परिसरों का भ्रमण कर मूलभूत सुविधाओं की जांच की गई। आवासीय परिसर में पुलिस परिवार के सदस्यों से उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी ली गई और उनके शीघ्र समाधान के लिए प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन अल्मोड़ा को निर्देश दिए गए। इसके अलावा, प्रतिसार निरीक्षक विजय विक्रम को निर्देशित किया गया कि जो भवन जीर्ण-शीर्ण स्थिति में हैं, उनके रखरखाव एवं मरम्मत हेतु समय पर मुख्यालय को प्रस्ताव भेजा जाए। निरीक्षण के दौरान प्रतिसार निरीक्षक विजय विक्रम, लाइन सूबेदार स.पु. मोहित कुमार, अपर उपनिरीक्षक दामोदर कापड़ी एवं लाइन मेजर अजय मिश्रा उपस्थित रहे।
