अल्मोड़ा-वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पींचा के निर्देशानुसार जनपदभर में साइबर अपराध, नशा मुक्ति, महिला सुरक्षा और यातायात नियमों को लेकर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 15 फरवरी 2025 को अपर पुलिस अधीक्षक हरबंस सिंह व सीओ रानीखेत विमल प्रसाद के पर्यवेक्षण में चौखुटिया पुलिस व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अल्मोड़ा ने विस्डम कन्वेंट हाई स्कूल, चौखुटिया में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं व स्कूल स्टाफ को साइबर अपराध, महिला एवं बाल सुरक्षा, नशे के दुष्प्रभाव और यातायात नियमों की जानकारी दी गई। साइबर फ्रॉड से बचाव के लिए किसी अनजान लिंक, क्यूआर कोड या फोन कॉल पर बैंकिंग जानकारी साझा न करने की सलाह दी गई और साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 पर तुरंत शिकायत करने को कहा गया।
यातायात नियमों के तहत वाहन चालकों की लापरवाही व नशे की हालत में गाड़ी चलाने पर डायल 112 पर सूचना देने को कहा गया। महिला व बाल अपराध, यौन उत्पीड़न, घरेलू हिंसा और मानव तस्करी से जुड़े कानूनी अधिकारों की जानकारी दी गई।इसके अलावा, हाल ही में अधिनियमित भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम पर विस्तृत जानकारी दी गई। नशा मुक्त अभियान के तहत छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए खुद और समाज को इससे दूर रखने की प्रेरणा दी गई।कार्यक्रम में न्यायिक मजिस्ट्रेट द्वाराहाट, थानाध्यक्ष सतीश चंद्र कापड़ी सहित अन्य अधिकारी एवं पुलिस कर्मी उपस्थित रहे।
