अल्मोड़ा-अधिवक्ता चांदनी खान ने मुख्यमंत्री पोर्टल के माध्यम से लोक निर्माण विभाग के विरुद्ध शिकायत दर्ज की थी एवं राष्ट्रीय राजमार्ग खण्ड लोक निर्माण विभाग की कार्यशैली पर प्रश्नचिन्ह उठाते हुए कहा था कि नारायण तिवारी देवाल अल्मोड़ा में मुख्य चौराहे मे तिवारी मेडिकल शॉप से पशु चिकित्सालय तक मुख्य सड़क के किनारे की नालियां एवम पटरी क्षतिग्रस्त है।यह स्थान भीड़ भाड़ वाला आबादी स्थल है।नालियां टूटने एवम पटरी खराब होने की वजह से सुबह शाम पीक आवर्स मे यहां पर जाम लग जाता है जिससे स्कूल जाने वाले बच्चों एवम आफिस जाने वालों को अपने दोपहिया वाहन निकालना तक मुश्किल हो जाता है।नालियों के क्षतिग्रस्त होने से नाली का पानी सड़क में बहता है जिससे सड़क पर हुए हाटमिक्स को तो क्षति पहुंच ही रही है वहीं दूसरी ओर सड़क पर कीचड़ भी एकत्रित हो रहा है जिससे बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों एवं महिलाओं को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

13 फरवरी को अधिशासी अभियन्ता राष्ट्रीय राजमार्ग खण्ड लोक निर्माण विभाग रानीखेत के द्वारा एक पत्र जिसका पत्रांक 239/मुख्यमंत्री हैल्प लाईन है अधिवक्ता चांदनी खान को प्रेषित किया गया है जिसमें कहा गया है कि आगामी दस दिनों के भीतर क्षतिग्रस्त नालियों को ठीक कर सीसी/इण्टरलाकिंग टाईल्स से पटरियों को ठीक कराने का कार्य पूरा कर लिया जाएगा। अधिवक्ता चांदनी खान के प्रयास आखिरकार रंग लाए और जनहित की एक बड़ी समस्या का समाधान होता नजर आ रहा है। स्थानीय लोगों ने अधिवक्ता चांदनी खान की सराहना करते हुए कहा है कि यदि जनप्रतिनिधि शिक्षित एवं जागरूक हो तो अपने स्व प्रयासों से ही जनसमस्याओं का समाधान करने में सक्षम होते हैं। अधिवक्ता चांदनी खान के इन प्रयासों के लिए ये पंक्तियां सार्थक नजर आती हैं-“कौन कहता है आसमां में सुराख नहीं होता,एक पत्थर तो तबीयत से उछालो यारो”।
