अल्मोड़ा-38वें नेशनल गेम्स के तहत आयोजित नेटबॉल प्रतियोगिता में उत्तराखंड की महिला टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ब्रॉन्ज मेडल जीता है। इस विजयी टीम में सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय की खिलाड़ी निशु बहुगुणा भी सदस्य के रूप में शामिल रहीं। निशु बहुगुणा विश्वविद्यालय में एम.ए द्वितीय वर्ष की छात्रा हैं और एनसीसी की सीनियर कैडेट भी हैं। उनकी इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट ने उन्हें बधाई दी और उत्तराखंड की महिला टीम की सफलता पर गर्व व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि न केवल राज्य बल्कि विश्वविद्यालय के लिए भी गौरव का विषय है। कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालय खेल के क्षेत्र में विद्यार्थियों को बेहतर भविष्य के लिए तैयार कर रहा है और विद्यार्थी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विश्वविद्यालय का नाम रोशन कर रहे हैं।
