अल्मोड़ा-अधिवक्ता चांदनी खान ने लोक निर्माण विभाग की कार्यशैली के विरूद्ध जनहित में मोर्चा खोल दिया है।जिसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पोर्टल में भी शिकायत दर्ज कराई है। अधिवक्ता चांदनी खान ने कहा कि नारायण तिवारी देवाल अल्मोड़ा में मुख्य चौराहे मे तिवारी मेडिकल शॉप से पशु चिकित्सालय तक मुख्य सड़क के किनारे की नालियां एवम पटरी क्षतिग्रस्त है।यह स्थान भीड़ भाड़ वाला आबादी स्थल है।नालियां टूटने एवम पटरी खराब होने की वजह से सुबह शाम पीक आवर्स मे यहां पर जाम लग जाता है जिससे स्कूल जाने वाले बच्चों एवम आफिस जाने वालों को अपने दोपहिया वाहन निकालना तक मुश्किल हो जाता है।नालियों के क्षतिग्रस्त होने से नाली का पानी सड़क में बहता है जिससे सड़क पर हुए हाटमिक्स को तो क्षति पहुंच ही रही है वहीं दूसरी ओर सड़क पर कीचड़ भी एकत्रित हो रहा है जिससे बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों एवं महिलाओं को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।इसके लिए उनके द्वारा सीएम हेल्पलाइन के माध्यम से भी शिकायत दर्ज की गयी है। अधिवक्ता चांदनी खान ने कहा कि जनता को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने वाले विभागों को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि उनकी कार्यशैली से जनता को दिक्कतें ना हों। उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग भी ऐसे ही महत्वपूर्ण विभाग में आता है जो जनता को सड़क जैसी मूलभूत सुविधा उपलब्ध कराता है। लेकिन नारायण तिवाड़ी देवाल की स्थिति देखकर लगता है कि लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को यहां से कोई लेना देना ही नहीं है। उन्होंने कहा कि जनहित में लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को अपनी कार्यशैली सुधारनी होगी ताकि जनता को परेशानी ना हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *