अल्मोड़ा-अल्मोड़ा में नगर निगम बोर्ड के शपथग्रहण समारोह के उपरान्त सैलाखोला की नवनिर्वाचित पार्षद वन्दना वर्मा अपने वार्ड की समस्याओं के समाधान के लिए वार्ड में पहुंची।पार्षद वन्दना वर्मा ने नगर निगम के मुख्य पर्यावरण पर्यवेक्षक राजपाल पवार के साथ वार्ड का भ्रमण किया। तात्कालिक रूप से रास्ते के किनारे की घास एवं बेतरतीब पड़ा मलवा जो लोगों के लिए दिक्कतों का पर्याय बन रहा था उसका नगर निगम के निर्माण गैंग कर्मचारियों से निस्तारण कराया गया तथा झाड़ियां एवं घास कटाई गयी।इस अवसर पर पार्षद वन्दना वर्मा ने कहा कि उनका एकमात्र लक्ष्य अपने वार्ड में जनता को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने के साथ ही अपने वार्ड का सौन्दर्यीकरण रहेगा। उन्होंने कहा कि आने वाले पांच सालों में वे प्रयास करेंगी कि सैलाखोला वार्ड में वार्ड वासियों को बेहतर रास्ते,पानी निकासी के लिए ढकी नालियां,कूड़ेदान,पथ प्रकाश की उचित व्यवस्था,जरूरत की जगहों पर रैंलिंग इत्यादि सभी मूलभूत सुविधाएं पूर्ण रूप से उपलब्ध हो सके। उन्होंने कहा कि वे लगातार वार्ड में समय समय पर भ्रमण भी करेंगी एवं वार्ड वासियों की समस्यायें जानकर यथासंभव उनके समाधान का प्रयास करेंगी। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य है इन पांच वर्षों में सैलाखोला को एक आदर्श वार्ड के रूप में आगे लेकर आना।
