अल्मोड़ा-साभार मीडिया फाउंडेशन द्वारा शारदा पब्लिक स्कूल के ऑडिटोरियम में ‘मीडिया और लोकतंत्र’ विषय पर वार्षिक कार्यक्रम ‘मीडिया डायलॉग’ के दूसरे अंक का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य पत्रकारों, मीडिया विशेषज्ञों और शोधकर्ताओं को एक मंच पर लाकर मीडिया के बदलते स्वरूप और लोकतंत्र में उसकी भूमिका पर विचार-विमर्श करना था। कार्यक्रम के मुख्य सत्र में वरिष्ठ पत्रकार और पूर्व जनसत्ता संपादक ओम थानवी ने ‘बदलता मीडिया, बदलता लोकतंत्र’ विषय पर व्याख्यान दिया। उन्होंने भारतीय पत्रकारिता के विकास, उसकी चुनौतियों और बदलती प्रवृत्तियों पर चर्चा करते हुए कहा कि मीडिया केवल सूचना का माध्यम नहीं, बल्कि समाज में विवेक और समझ विकसित करने का जरिया है। श्री थानवी ने मीडिया के सत्ता और बाजार की ओर झुकाव पर चिंता जताई और सोशल मीडिया के सूचना नियंत्रण की सीमाओं पर भी प्रकाश डाला। दूसरे सत्र में मीडिया विशेषज्ञ डॉ. भूपेन सिंह की पुस्तक ‘क़ैद में मीडिया’ पर विमर्श हुआ, जिसमें उन्होंने मीडिया की स्वतंत्रता और उस पर बढ़ते नियंत्रण को लेकर अपने विचार साझा किए। डॉ. सिंह ने सुझाव दिया कि पत्रकारिता की वित्तीय स्वतंत्रता के लिए नागरिकों के टैक्स का एक हिस्सा पत्रकारिता के लिए आवंटित किया जाना चाहिए, जिससे उस पर सत्ता या कॉरपोरेट का प्रभाव न हो। कार्यक्रम के अंतिम सत्र में प्रसिद्ध संगीतज्ञ प्रमोद जोशी और उनकी टीम ने राग मुल्तानी पर आधारित भारतीय शास्त्रीय संगीत की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम का संचालन नीरज पांगती ने किया। अंत में साभार मीडिया फाउंडेशन की ओर से थ्रीश कपूर ने सभी प्रतिभागियों और दर्शकों का आभार व्यक्त किया।
