अल्मोड़ा-खेल निदेशालय उत्तराखंड देहरादून एवं जिला प्रशासन अल्मोड़ा द्वारा आज 38 वे राष्ट्रीय खेल के प्रचार प्रसार के लिए अल्मोड़ा जिला क्रीड़ा विभाग द्वारा क्रॉस कंट्री रेस का आयोजन किया गया। रेस का शुभारंभ तहसीलदार ज्योति नपच्याल द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया।रेस सुबह 8 बजे चौघानपाटा से शुरू हुई जिसमें बालक और बालिका वर्ग में अलग अलग श्रेणियों के प्रतिभागियों ने भाग लिया। साथ ही रेस के दौरान प्रतिभागियों ने अपने जोश और उत्साह का प्रदर्शन किया।पूरे मार्ग पर सुरक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया।जूनियर बालक (5किमी) वर्ग में प्रथम स्थान मोहित सिंह बिष्ट और द्वितीय स्थान भूमित बिष्ट, जूनियर बालिका(5किमी) में प्रथम स्थान रिया आर्या व द्वितीय स्थान कशिश जोशी, ओपन बालक वर्ग(7किमी) में प्रथम स्थान सूरज कार्की व द्वितीय स्थान ललित चन्याल, ओपन बालिका वर्ग(7किमी) में प्रथम स्थान भावना अधिकारी व द्वितीय स्थान भगवती बिष्ट ने प्राप्त किया। पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में नगर प्रमुख,नगर निगम अल्मोड़ा अजय वर्मा ने विजेताओं को ट्रॉफी, ओैर मेडल प्रदान किए। इस अवसर पर नगर प्रमुख अजय वर्मा ने अल्मोड़ा में होने जा रहे राष्ट्रीय खेलों के आयोजन को लेकर कहा कि यह अल्मोड़ा के लिए एक बडी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि अल्मोड़ा वासियों के लिए यह हर्ष व उत्साह का समय है, ऐसे अवसरों से जिले के खिलाड़ियों को आगे बढने का मौका मिलेगा जिस प्रकार जिले के निवासी लक्ष्यसेन और एकता बिष्ट ने अंतराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाकर अल्मोड़ा सहित पूरे देश का नाम रोशन किया है उसी प्रकार इस प्रकार के आयोजनों से जनपद के अन्य प्रतिभावान खिलाड़ियों को भी अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिलेगा। इस अवसर पर गॉधी पार्क में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया गया।इस अवसर पर जिला क्रीड़ा अधिकारी महेशी आर्या ने बताया कि 38वें राष्ट्रीय खेलों का आयोजन 28 जनवरी से 14 फरवरी 2025 अल्मोड़ा सहित राज्य के विभिन्न जनपदों में किया जाना है जिसके प्रचार प्रसार हेतु आज 27 जनवरी को क्रॉस कंट्री रेस का आयोजन किया गया है। उन्होनें बताया कि क्रॉस कंट्री रेस में कुल चार वर्गों के प्रत्येक वर्ग में प्रथम दस विजेताओं को पुरस्कृत किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *