अल्मोड़ा-भारतीय जनता पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी अजय वर्मा ने आज अपना नामांकन दाखिल किया। इस अवसर पर अजय वर्मा ने कहा कि अल्मोड़ा नगर निगम की जनता ने यदि उन्हें अपना आशीर्वाद दिया तो नगर निगम की जनता को मूलभूत सुविधाएं प्रदान करना उनकी प्राथमिकताओं में रहेगा। उन्होंने कहा कि आज अल्मोड़ा नगर क्षेत्र में समस्याओं का अम्बार लगा हुआ है। टूटे रास्तों,बेतरतीब नालियों,ड्रेनेज की सही निकासी नहीं होने,दो पहिया वाहनों के लिए अधिकतम पार्किगों के न होने से आम जनता को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि बंदरों की समस्या अल्मोड़ा की मुख्य समस्या बन चुकी है।आलम यह है कि स्कूल जाने में भी विद्यार्थियों के अभिभावकों को डर सताता रहता है कि उनके बच्चे बंदरों के आतंक से बचकर कैसे विद्यालय जाएंगे।उन्होंने कहा कि आज तक नगरपालिका के द्वारा बंदरों की समस्या तो जरूर उठाई गई लेकिन इसके स्थाई समाधान के लिए कोई प्रयास नहीं किया गया।उन्होंने कहा कि यदि उन्हें मौका मिलता है तो एक विस्तृत योजना बनाकर बंदरों के आतंक से मुक्ति दिलाने के लिए उचित प्रयास किए जाएंगे जिससे कि बंदरों को भी उनके सही स्थान जंगलों में छोड़ा जा सके और आम जनता को भी राहत मिल सके। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि अल्मोड़ा नगर में नगर निगम के द्वारा जो भी मूलभूत सुविधाएं चाहे वह रास्तों की हो,चाहे गंदे पानी की निकासी हो,चाहे पथ प्रकाश की व्यवस्था हो इस तरह की छोटी से लेकर के बड़ी समस्याओं का निदान करना उनकी प्राथमिकता रहेगी।नामांकन के दौरान भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष कैलाश शर्मा, जिलाध्यक्ष रमेश बहुगुणा, पूर्व भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष कुन्दन लटवाल,हरीश कनवाल आदि लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *