अल्मोड़ा-प्रेस को जारी एक बयान में कांग्रेस की जिला महामंत्री गीता मेहरा ने कहा कि सरकार के द्वारा अल्मोड़ा नगर निगम की सीट महिला आरक्षित करने के बाद महिला सशक्तिकरण की बड़ी-बड़ी बातें की जा रही थी।लेकिन आज सरकार के द्वारा आरक्षण में बदलाव करके अल्मोड़ा से महिला आरक्षित सीट को बदलकर ओबीसी आरक्षित कर दिया गया है जो अल्मोड़ा की महिलाओं के साथ भाजपा सरकार द्वारा किया गया एक मजाक है।उन्होंने कहा कि अल्मोड़ा की सीट महिला आरक्षित होने से अल्मोड़ा की महिलाओं ने अपनी तैयारी भी प्रारंभ कर दी थी लेकिन अल्मोड़ा की महिला आरक्षित सीट भाजपा सरकार की राजनीति का शिकार हुई।उन्होंने कहा कि सरकार यह समझ चुकी थी कि अल्मोड़ा में महिला सीट आरक्षित होने से कांग्रेस भारी मतों से विजयी होगी।इस भय से सरकार ने अल्मोड़ा में महिला आरक्षण को बदलकर सीट ओबीसी आरक्षित कर दी।उन्होंने कहा कि महिला आरक्षित सीट को हटाना सरकार की दशा और दिशा को साफ स्पष्ट करता है कि महिलाओं के प्रति सरकार की क्या सोच है।उन्होंने कहा कि इसका उत्तर महिलाएं आगामी नगर निगम चुनाव में अल्मोड़ा में भाजपा को भारी मतों से हराकर देगी।
