अल्मोड़ा-उत्तराखण्ड भाषा संस्थान देहरादून पहरू कुमाऊनी पत्रिका,कुमाऊंनी भाषा साहित्य एवं संस्कृति प्रचार समिति अल्मोड़ा, साहित्य चेतना मंच चम्पावत के संयुक्त तत्वावधान में 16 वां राष्ट्रीय कुमाऊंनी भाषा सम्मेलन 10 नवम्बर से 12 नवम्बर तक आडिटोरियम गोरिल चौड़ मैदान चम्पावत में आयोजित हुआ जिसमें दूर दूर से आए प्रतिष्ठित साहित्यकारों एवं रचनाकारों ने प्रतिभाग किया।इस अवसर पर पहरू कुमाऊंनी पत्रिका,कुमाऊंनी भाषा साहित्य एवं संस्कृति प्रचार समिति कसारदेवी अल्मोड़ा की ओर से प्रख्यात हास्य व्यंग कवि व साहित्यकार प्रो के सी जोशी ‘ताजी’ को बहादुर सिंह बनौला कुमाऊनी साहित्य सेवी सम्मान से सम्मानित किया गया।सम्मान के रूप में सम्मान पत्र,शाल व स्मृति चिन्ह भेंट किया गया। उपस्थित साहित्यकारों ,विद्वानों एवं रचनाकारों ने प्रो के सी जोशी ‘ताजी’ को उक्त सम्मान मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए शुभकामनाएं दी।सम्मान मिलने पर प्रो के सी जोशी ने कहा कि इस सम्मान प्राप्ति पर उन्हें अभूतपूर्व प्रसन्नता एवं गर्व का अनुभव हो रहा है। उन्होंने सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।विशेष रूप से कुमाऊनी पत्रिका, कुमाऊनी भाषा साहित्य एवं संस्कृति प्रचार समिति का उन्होंने आभार जताते हुए समिति द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की।विदित हो कि प्रो के सी जोशी ‘ताजी’ की अब तक हास्य व्यंग्य कुमाऊनी कविताओं की मेरि खिचड़ि नाम से एक पुस्तक प्रकाशित हो चुकी है‌।साथ ही सम्पादित पुस्तक किरमोई तराण व उमाव में भी उनकी कुमाऊनी रचनाएं प्रकाशित हैं।समय समय पर प्रतिष्ठित पत्र-पत्रिकाओं में भी उनकी हास्य व्यंग्य की गद्य एवं पद्य में रचनाएं प्रकाशित हुई हैं।इसके अलावा उन्होंने आकाशवाणी व कवि सम्मेलनों में भी अपनी सक्रिय भागीदारी की है।प्रो के सी जोशी ताजी को सम्मान मिलने पर शिक्षक वर्ग, प्रबुद्धजनों एवं स्थानीय लोगों सहित साहित्यकारों ने उन्हें शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *