अल्मोड़ा-जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण के विरोध में सर्वदलीय संघर्ष समिति अल्मोड़ा द्वारा यहां गांधी पार्क में डीडीए को समाप्त करने की मांग को लेकर साप्ताहिक धरना दिया। समिति द्वारा वर्ष 2017 से लगातार जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण का विरोध किया जा रहा है। मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक धरने को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि लगातार सालों से चल रहे आंदोलन की सरकार अनदेखी कर रही है और हठधर्मिता के चलते मांग को पूरा करने में आनाकानी कर रही है। उन्होंने डीडीए को अव्यवहारिक बताया। उन्होंने कहा कि इस प्राधिकरण को समाप्त करने में ही जनहित है और सरकार को तत्काल इसे खत्म कर देना चाहिए। अन्य वक्ताओं ने भी जिला विकास प्राधिकरण का पुरजोर विरोध किया और इसके समाप्त करने की मांग उठाई। इस दौरान डीडीए एवं प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी हुई। धरना स्थल पर आंदोलनकारियों ने मार्चुला क्षेत्र में हुई भीषण बस दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया और दो मिनट का मौन रखकर इस हादसे में मारे गए 36 लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। साथ ही दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करने तथा शोक संतप्त परिवारों को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना ईश्वर से की। धरने में समिति के निवर्तमान पालिकाध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी, हेम चंद्र जोशी, बार एसोसिएशन के अध्यक्ष महेश परिहार, प्रतेश कुमार पांडे, रोबिन मनोज भंडारी, महेश चंद्र आर्या, ललित मोहन पंत, प्रताप सिंह सत्याल, चंद्रमणि भट्ट, आनंद सिंह बगड्वाल, मोहन चंद्र सनवाल आदि शामिल रहे।
