अल्मोड़ा-आने वाले बृहस्पतिवार से शुरू होने वाले द्वितीय अल्मोड़ा लिटरेचर फेस्टिवल की तैयारियाँ ज़ोरों शोरों से जारी हैं।यह फेस्टिवल 17 से 19 अक्तूबर तक अल्मोड़ा के ऐतिहासिक मल्ला महल में आयोजित होगा। कार्यक्रम की आयोजक डा वसुधा पंत ने बताया कि केन्द्रीय राज्यमंत्री एवं सांसद अजय टम्टा मुख्य अतिथि के रूप में गुरुवार को प्रातः 11 बजे लिटरेचर फेस्टिवल का उद्घाटन करेंगे।आज मल्ला महल में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए फेस्टिवल समिति की अध्यक्ष डॉ वसुधा पंत ने आगामी कार्यक्रम की रूपरेखा साझा की और अल्मोड़ा के जनमानस को फेस्टिवल में आमंत्रित किया। इस कार्यक्रम में देश विदेश से आ रही साहित्यिक एवं सांस्कृतिक हस्तियाँ जो कि अपने अपने कार्य क्षेत्र की अग्रणी प्रतिनिधि हैं शिरकत करेंगी।इसके साथ ही साथ अल्मोड़ा की सांस्कृतिक और साहित्यिक विरासत को विश्व से इस फेस्टिवल के माध्यम से साझा किया जाएगा।कार्यक्रम के प्रथम दिवस में वैश्विक जल संकट,महान साहित्यकार शेखर जोशी और पहाड़ों में फ़िल्म मेकिंग से जुड़ी चर्चा होगी। सर्वजीत टम्टा के नेतृत्व में अल्मोड़ा से उभरे माहिर कलासमूह हिमाली मौ और रहमत ए नुसरत सुबह और शाम को अपना रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे।प्रमुख युवा कवि हर्ष काफ़र अल्मोड़ा के प्रतिभाशाली रचनात्मक युवाओं के लिए ओपन माइक की मेज़बानी करेंगे।छोटे बच्चों के लिए भी कई सारे कार्यक्रम व कार्यशालाएँ आयोजित की जा रही हैं।डॉ पंत ने यह भी कहा कि अल्मोड़ा लिटरेचर फेस्टिवल अल्मोड़ा की साहित्यिक और सांस्कृतिक विरासत को विश्व पटल पर रखने का एक प्रयास है जिसके माध्यम अल्मोड़ा शहर की अर्थव्यवस्था को एक नयी ऊर्जा और पहचान मिल सके। कहा कि हमारा प्रयास है कि इस फेस्टिवल के माध्यम से शुरू हुई चर्चाओं के माध्यम से अल्मोड़ा की आर्थिक छवि का भी संवर्धन हो और यहाँ निवेश बढ़े।अल्मोड़ा लिटरेचर फेस्टिवल का आयोजन ग्रीनहिल्स ट्रस्ट द्वारा,अनकमोंसेंसेंस फिल्म्स, ज़िला प्रशासन,उत्तराखण्ड पर्यटन विभाग, द लर्निंग सर्किल, कुमाउंखंड,अल्मोड़ा किताब घर, अल्मोड़ा होटल एसोसिएशन, कसर देवी होटल एसोसिएशन व स्टूडियो बार्दो के सहयोग से किया जा रहा है।प्लम्बर बाथवेयर इसके मुख्य प्रायोजक हैं।डॉ वसुधा पंत के साथ प्रेस वार्ता में फेस्टिवल के संयोजक विनायक पंत,रचनात्मक निदेशक आशुतोष जोशी और आयोजक समिति सदस्य डॉ दीपा गुप्ता,भूपेन्द्र वल्दीया, अनुराग कुमार,मनोज गुप्ता उपस्थित रहे।
