अल्मोड़ा-एन एम ओ पी एस उत्तराखंड के प्रदेश अध्यक्ष जीतमणि पैन्यूली व सचिव मुकेश रतूड़ी के पत्र भेजकर अवगत कराया है कि पुरानी पेंशन बहाली हेतु आवश्यक रणनीति तय करने के लिए प्रांतीय कार्यकारिणी की बैठक आनलाइन व वर्चुअल दोनों तरीके से आयोजित की जा रही है।बैठक राजधानी देहरादून में दिनांक 24 अगस्त को होगी।उन्होंने बताया कि उत्तराखंड के सभी जनपदों व मंडल व प्रांतीय कार्यकारिणी के सदस्य अनिवार्य रूप से बैठक में प्रतिभाग करेंगे।बैठक में जनपदों व ब्लाक कार्यकारिणी को मजबूत करने आवश्यक पुनर्गठन करने व पुरानी पेंशन बहाली हेतु आवश्यक रणनीति तैयार की जायेगी व भविष्य के लिए कार्यक्रम तय किए जायेंगे।जीतमणि पैन्यूली व सचिव मुकेश रतूड़ी ने बताया कि उत्तराखंड में भी पुरानी पेंशन बहाली के लिए पूर्व में लगातार कार्यक्रम आयोजित किए गए थे।पुनः सभी की भागीदारी सुनिश्चित करते हुए सभी घटक संगठनों के सहयोग से कार्यक्रम सफल बनायें जायेंगे। प्रांतीय कोर कमेटी सदस्य धीरेन्द्र कुमार पाठक ने बताया कि पुरानी पेंशन बहाली जरूरी है एक देश में दो विधान किसी भी तरह बर्दाश्त नहीं किए जायेंगे। कई राज्यों में सरकारों द्वारा पुरानी पेंशन लागू कर दी गई है। राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय बंधु जी के निर्देशन में पूर्ण उम्मीद है कि एक न एक दिन वर्ष 2005 अक्टूबर के बाद नियुक्त शिक्षकों,कार्मिकों,अधिकारियों को पुरानी पेंशन बहाल होगी।श्री पाठक ने कहा कि मुख्यमंत्री,प्रधानमंत्री,सांसद,विधायक पुरानी पेंशन ले सकते हैं तो वर्ष 2005 के बाद नियुक्त कार्मिकों शिक्षकों अधिकारी वर्ग के लिए पुरानी पेंशन बहाल नहीं होना संवैधानिक अधिकारों का भी हनन है।वर्ष 1947 से वर्ष 2005 तक पुरानी पेंशन देने में किसी भी राज्य सरकार व केन्द्र सरकारों को परेशानी नहीं हुई लेकिन अक्टूबर 2005 के बाद ऐसा कौन सा राजकोषीय घाटा हो गया जिससे पुरानी पेंशन बंद कर दी गई।ऐसा कोई राजपत्र भी प्रकाशित नहीं हुआ जिससे स्पष्ट हो कि राज्य सरकारों को घाटा हुआ। प्रदेश अध्यक्ष जीतमणि पैन्यूली व सचिव मुकेश रतूड़ी ने अवगत कराया है कि बैठक में सभी की उपस्थिति अनिवार्य है जो देहरादून उपस्थित नहीं हो सकते हैं वो वर्चुअल रूप से बैठक में उपस्थित रहेंगे।
