अल्मोड़ा-आज प्रैस को जारी एक बयान में अल्मोड़ा कांंग्रेस के जिलाध्यक्ष पीताम्बर पान्डेय ने लगातार बढ़ रही रसोई गैस की कीमतों पर गहरा आक्रोश व्यक्त करते हुए इसे सरकार की असंवेदनशीलता करार दिया।श्री पान्डेय ने कहा कि एक सप्ताह पूर्व रसोई गैस सिलेण्डरो के दामों में पच्चीस रूपये की वृद्वि करने के बाद आज माह की पहली तारीख को पुनः गैस सिलेण्डर के दाम में पच्चीस रूपये की वृद्वि किया जाना आम जनता के ऊपर कुठाराघात है।उन्होंने कहा कि जबसे भाजपा सरकार सत्ता में आई है लगातार पेट्रोल,डीजल,गैस सिलेन्डर,खाने के तेल सहित अन्य आवश्यक वस्तुओं की कीमतें आसमान छू रही हैं।जनता महंगाई से त्रस्त है।बजाय दाम कम करने के भाजपा सरकार लगातार वस्तुओं के मूल्यों को बढ़ाने में लगी हुई है।उन्होंने कहा कि आज पेट्रोल,डीजल के मूल्य आजतक के सबसे शीर्ष स्तर पर पहुंच चुके हैं।श्री पान्डेय ने कहा कि पहले से ही आम जनता कोरोना महामारी के कारण बेहद खराब आर्थिक स्थिति से गुजर रही है।ऐसे में लगातार पेट्रोल, डीजल और गैस सिलेन्डरों के बढ़ते दामों ने जनता की कमर ही तोड़ कर रख दी है।उन्होंने कहा कि आज बेलगाम हो चुकी महंगाई से आम आदमी त्रस्त है तथा उसके सामने अपने परिवार के भरण पोषण की तक दिक्कतें आने लगी हैं।उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार महंगाई पर अंकुश लगाने में पूरी तरह असफल साबित हो रही है।उन्होंने कहा कि जनता भाजपा को इस महंगाई का जवाब आने वाले विधानसभा चुनावों में देगी।