अल्मोड़ा-नगर व्यापार मंडल उपाध्यक्ष जया साह ने अल्मोड़ा बाजार में महिलाओं के लिए शौचालय निर्माण की मांग की है।इस परिपेक्ष्य में उनके द्वारा एक ज्ञापन आज नगरपालिका को दिया गया।प्रबलता से महिला शौचालय की मांग उठाते हुए श्रीमती शाह ने कहा कि मिलन चौक से लेकर थाना बाजार तक एक भी जगह बाजार में महिला शौचालय नहीं है।जिस कारण जो महिला व्यवसायी है उनको खासा दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।इसके साथ ही बाजार आयी महिलाओं एवं महिला पर्यटक भी बाजार में महिला शौचालय ना होने के कारण कभी कभी बेहद परेशानी के दौर से गुजरती हैं। उन्होंने कहा कि पिछले बीस सालों से वे नगरपालिका और जिला प्रशासन के चक्कर काट रही हैं लेकिन बीस वर्षों में उन्हें आश्वासन के सिवा कुछ नहीं मिला। उन्होंने कहा कि अब बहुत हो चुका है।यदि अब अविलम्ब बाजार में महिला शौचालय का निर्माण नहीं किया जाता है तो वे आन्दोलनात्मक रूख अपनाने को बाध्य होंगी और यदि उन्हें आमरण अनशन तक करना पड़ा तो वे करेंगी। उन्होंने कहा कि बेहद गंभीर समस्या है जिसे नगरपालिका और प्रशासन हल्के में ले रहा है‌। उन्होंने कहा कि एक तरफ प्रधानमंत्री मोदी के द्वारा हर घर शौचालय बनाए जा रहे हैं ऐसे में बड़ी विडम्बना है कि सैकड़ों की आबादी वाले एक बाजार में नगरपालिका या प्रशासन एक महिला शौचालय का निर्माण नहीं करा पा रहा है। उन्होंने कहा कि व्यापार मंडल उपाध्यक्ष होने के नाते भी वे अपनी महिला व्यावसायियों के हित में प्रमुखता से बाजार में महिला शौचालय की मांग नगरपालिका और प्रशासन के समक्ष रख रही हैं और यदि अब भी नगरपालिका का रवैया इस मुद्दे में उदासीन रहा तो व्यापक आन्दोलन होगा।ज्ञापन देने पहुंची भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष किरन पंत ने कहा कि यह मांग बिल्कुल जायज है और इस पर शीघ्र कार्यवाही होनी चाहिए।उधर इस बारे में जब नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी भरत त्रिपाठी से बात की गयी तो उनका कहना था कि वे स्वयं इस मामले में बेहद गंभीर हैं और उनके द्वारा व्यापार मंडल उपाध्यक्ष जया शाह को बताया भी गया है कि आपसी सहमति से व्यापारी तय करें कि किस जगह महिला शौचालय का निर्माण किया जाना है इसका स्थान चयनित करके नगरपालिका को बताए।वे अपने स्तर से कार्यवाही कर अविलम्ब महिला शौचालय की निर्माण करवायेंगे। उन्होंने आगे बताया कि महिलाओं के शिष्टमंडल ने जो स्थान महिला शौचालय के लिए सुझाया है शीघ्र उसका मुआयना किया जाएगा।ज्ञापन देने वालों में व्यापार मंडल जया शाह,भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष किरन पंत,अमीषा आर्या,शिवानी आर्य,प्रीति बिष्ट सहित दर्जनों महिलाएं उपस्थित थीं।इस अवसर पर व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष सुशील साह भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *