अल्मोड़ा-जल संस्थान की नाकामियों के चलते नगर के लोग दूषित पानी पीने को मजबूर हैं।जल संस्थान द्वारा आपूर्ति किए जा रहे पानी की स्थिति ऐसी है की पीना तो दूर नहाने योग्य भी नहीं है।पानी से दुर्गन्ध आ रही है तथा पानी भी साफ़ नहीं है और गन्दगी तैरती हुई दिख रही है।दूषित पानी की आपूर्ति होने से लोगों में आक्रोश है। करोड़ों की लागत से कोसी नदी पर बने बैराज और इंटेकवेल के बावजूद भी नगर की जनता शुद्ध पेयजल को तरस रही है।लोगों ने जल संस्थान से जल्द व्यवस्था सुधार साफ पानी की आपूर्ति करने की मांग की।बीते दिनों भारी बारिश के चलते कोसी बैराज में भारी मात्रा में सिल्ट जमा हो गया था। वहीं नगर में कई दिनों तक पेयजल व्यवस्था ठप पड़ गई थी। इधर अब जल संस्थान ने नगर में दूषित पानी की सप्लाई कर दी है।जिससे लोगों में नाराजगी है।लोगों को मजबूरन नौलों धारों की दौड़ लगानी पड़ रही है।लोग रात तक प्राकृतिक जल स्रोतों से पानी भर रहे हैं।लोगों का कहना है कि पानी इतना गन्दा है कि फ़िल्टर के इस्तेमाल के बावजूद पानी से दुर्गन्ध आ रही है। दूषित पानी पीने से जहाँ पीलिया और उदर रोगों की सम्भावना बढ़ गई है वहीं नहाने,मुंह धोने आदि में इस्तेमाल करने पर बालों और त्वचा सम्बन्धी समस्या होने में भी देर नहीं लगेगी। नागरिकों ने जल संस्थान से साफ़ सुथरा पानी उपलब्ध कराने की मांग की है।