अल्मोड़ा-आज जारी एक बयान में अल्मोड़ा कांंग्रेस के नगर अध्यक्ष पूरन सिंह रौतेला ने लगातार बढ़ रही पेट्रोल, डीजल और गैस सिलेन्डर की कीमतों पर गहरा रोष व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा की इस सरकार में मध्यमवर्गीय एवं गरीब व्यक्ति का महंगाई से बुरा हाल है।उन्होंने केन्द्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि लगातार पेट्रोल डीजल की कीमतों में इजाफा करते करते सरकार ने इसका मूल्य लगभग शतक तक पहुंचा दिया है।उन्होंने कहा कि गैस सिलेंडर की कीमतें कभी पचास रूपये तो कभी पच्चीस रूपये हर सप्ताह बढ़ाई जा रही हैं।आज भी गैस सिलेंडर की कीमत में पच्चीस रूपये की बढ़ोत्तरी करके सरकार ने इसकी कीमत आठ सौ बत्तीस रूपये पहुंचा दी है।उन्होंने कहा कि कोरोनाकाल के बाद व्यापारियों, मध्यमवर्गीय एवं गरीब की जिन्दगी बेहद गंभीर आर्थिक संकटों में बीत रही है और ऐसे में लगातार पेट्राल डीजल,गैस की कीमत बढ़ना देश की जनता पर कुठाराघात है।उन्होंने कहा कि अच्छे दिनों का सपना जनता को दिखाकर सत्ता में आई मोदी सरकार ने महंगाई से जनता की कमर ही तोड़ दी है।श्री रौतेला ने कहा कि अब तो ऐसा प्रतीत होता है कि भाजपा सरकार ने देश का विकास करने के बजाय पेट्रोल, डीजल और गैस सिलेन्डर की कीमतों का विकास करने की कसम खा ली है।उन्होंने कहा कि सरकार मनमाने ढंग से पेट्रोल,डीजल,गैस सिलेन्डर की कीमतों में बढ़ोत्तरी करने से पहले ये भी बताए कि एक आम आदमी कैसे इतनी महंगाई में अपने परिवार का पालन पोषण करे?