अल्मोड़ा-देवभूमि उद्योग व्यापार मंडल अल्मोड़ा के पदाधिकारियों ने अल्मोड़ा नगर अंतर्गत के जाखनदेवी मोटर मार्ग में सीवर लाइन व डामरीकरण का कार्य रात्रि में शुरू कर जल्द से जल्द पूर्ण करवाने को लेकर नगर के व्यापारियों एवं सामाजिक कार्यकर्ता विनय किरौला के साथ संयुक्त प्रतिनिधि मंडल जल निगम के अधिशासी अभियंता से मिला। प्रतिनिधिमंडल के द्वारा डामरीकरण व आगे बनने वाली सीवरलाइन का कार्य रात्रि में करने की मांग की गई। देवभूमि उद्योग व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष मनोज सिंह पवार ने कहा कि 3 जनवरी से जाखनदेवी सड़क मार्ग को वाहनों के आवागमन हेतु बंद कर दिया गया था। परंतु 4 माह का समय बीत जाने के पश्चात् भी अभी तक उक्त सड़क मार्ग पर कार्य पूरा नहीं हो पाया है। उन्होंने कहा कि विभागीय लापरवाही के चलते अब व्यापार के सीजन समय में कार्य पूर्ण करने की बात कही जा रही है। मनोज सिंह पवार ने कहा कि यदि विभाग द्वारा उक्त सड़क मार्ग पर बिछाई जा रही सीवर लाइन व डामरीकरण के कार्य को जल्द से जल्द पूर्ण नहीं किया गया तो वे विभाग के खिलाफ न्यायालय में जाने को मजबूर हो जाएंगे। प्रतिनिधि मंडल ने सुझाव दिया कि जाखनदेवी सड़क मार्ग के कार्य को सांय 7 बजे से शुरू कर देर रात्रि तक कराया जाए। देवभूमि उद्योग व्यापार मंडल अल्मोड़ा के नगर अध्यक्ष संजय साह रिक्खू ने कहा कि व्यापारियों का नुकसान किसी कीमत पर बर्दाश्त नही किया जाएगा। प्रतिनिधि मंडल के सदस्य विनय किरौला ने बताया कि एक लंबे संघर्ष के बाद जाखनदेवी मोटर मार्ग का कार्य प्रारम्भ हो पाया है, इस कार्य को जनवरी-फरवरी में हो जाना चाहिए था, निर्माण कार्य के चलते जाखनदेवी मोटर मार्ग बंद होने के कारण पर्यटक अल्मोड़ा माल रोड में न आकर कर्बला बायपास से निकल जा रहे हैं, जिससे अल्मोड़ा नगर में व्यापार का भारी नुकसान हो रहा है। अधिशासी अभियंता द्वारा प्रतिनिधि मंडल को पूर्ण आश्वस्त किया गया है कि ठेकेदार से वार्ता कर जल्द ही रात्रि में सोइलिंग-डामरीकरण का कार्य किया जाएगा। शिष्ट मंडल में देवभूमि उद्योग व्यापार मंडल अल्मोड़ा के जिला अध्यक्ष मनोज सिंह पवार, नगर अध्यक्ष संजय साह रिक्खू, नगर महामंत्री दीप चंद्र जोशी, उपाध्यक्ष आनन्द सिंह भोज, सामाजिक कार्यकर्ता विनय किरौला, निकेष उपाध्याय, उमेश उपाध्याय, हेम चन्द्र गुरुरानी, विक्रम साह, सुधीर गुप्ता, मनीष मल्होत्रा शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *