पिथौरागढ़-आज लेलू ग्राम प्रधान व ग्राम वासियों ने यूथ कांग्रेस के साथ मिलकर ग्राम लेलू में निर्माणाधीन स्पोर्ट्स कॉलेज में स्थानीय ग्राम के बेरोजगार युवाओं को काम दिए जाने विषयक जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा।ज्ञापन के माध्यम से ग्राम वासियों ने कहा कि आपके संज्ञान में लाना है कि वर्ष 2014 में पूर्व विधायक मयूख महर के प्रयासों से जनपद पिथौरागढ़ में स्पोर्ट्स कॉलेज के निर्माण हेतु शासन से धन की स्वीकृति प्राप्त हुई थी।इस क्रम में ग्राम लेलू में भूमि का चयन हो जाने के उपरांत पूर्व विधायक मयूख महर द्वारा स्पोर्ट्स कॉलेज की आधारशिला रखते हुए स्थानीय बेरोजगार युवाओं से कार्य को प्रारंभ कराया गया।किंतु वर्ष 2017 में प्रदेश में सत्ता परिवर्तन होते ही कार्यदाई संस्था यूपी निर्माण निगम द्वारा अपने निजी स्वार्थ की पूर्ति हेतु स्थानीय लोगों की उपेक्षा कर बाहरी राज्य एवं जनपदों के ठेकेदारों से कार्य कराया जा रहा है जो कि ग्राम वासियों के अस्तित्व पर एक गंभीर चोट है।ज्ञापन के माध्यम से कहा गया कि आपके संज्ञान में लाना नितान्त आवश्यक है कि जनपद पिथौरागढ़ हेतु स्वीकृत स्पोर्ट्स कॉलेज के निर्माण को जिला मुख्यालय के निकटवर्ती ग्राम सभाओं में जिला प्रशासन को भूमि उपलब्ध नहीं हो पा रही थी।तब पूर्व विधायक मयूख महर के अनुरोध पर ही लेलू ग्राम के ग्राम वासियों ने अपनी 1000 नाली गोचर,पनघट भूमि को जनपद के विकास कार्य हेतु खेल विभाग को इस शर्त के साथ निशुल्क अर्पित की थी कि स्पोर्ट्स कॉलेज में गांव के लोगों को ही उनकी योग्यता के अनुरूप नौकरी देने एवं निर्माण कार्य में गांव के ही बेरोजगार युवाओं को काम में वरीयता दिए जाने की सहमति बनी थी।किंतु खेद का विषय है कि ग्राम वासियों द्वारा जनपद विकास में किए गए इतने बड़े त्याग के बदले कार्य दायी संस्था द्वारा स्थानीय लोगों की घोर उपेक्षा की जा रही है।जिससे समस्त क्षेत्र में विभाग के खिलाफ भयंकर आक्रोश व्याप्त हैं।जबकि वर्तमान में कोरोना महामारी के चलते मैदानी क्षेत्र में रोजगार कर रहे गांव के अनेक युवा बेरोजगार होकर घर में बैठे हैं जिन्हें रोजगार की सबसे अधिक आवश्यकता है।ज्ञापन के माध्यम से जिलाधिकारी से अनुरोध किया गया कि उक्त प्रकरण में व्यक्तिगत हस्तक्षेप करते हुए संबंधित विभाग की मनमानी पर रोक लगाने एवं निर्माणाधीन स्पोर्ट्स कालेज के कार्यों में स्थानीय ग्राम वासियों से ही काम कराए जाने हेतु आवश्यक निर्देश जारी करेंगें।ज्ञापन के माध्यम से चेतावनी देते हुए कहा गया कि यदि जिला प्रशासन द्वारा ग्राम वासियों की मांग पर गौर नहीं किया गया तो उन्हें मजबूर होकर धरने पर बैठने तथा निर्माण कार्य को बंद करना पड़ेगा जिसकी समस्त जिम्मेदारी जिला प्रशासन एवं कार्यदायी संस्था की होगी।ज्ञापन देने वालों में हीरा सिंह,रघुवर गिरी,प्रकाश लाल,राकेश पन्त,शमशेर सिंह इगराल, गणेश सिंह,यूथ कांग्रेस अध्यक्ष ऋषेन्द्र महर,हीरा सिंह,कमल सूड़ा,त्रिलोक बिष्ट, योगेश नगरकोटी, जावेद खान,हीरा बिष्ट, प्रकाश देवली,सागर,करन सिंह,रवीन्द्र सिंह,भुवन पौड़ी,सुधीर चौहान,हयात बिष्ट, दीपक तिवारी,पवन माहरा,महिपाल वल्दिया, रजत उप्रैती,अक्षय कुंवर,नारायण कोहली,विजय कुमार सहित दर्जनों लोग शामिल थे।