अल्मोड़ा-सोमवार देर रात अल्मोड़ा के महिला चिकित्सालय में हुई प्रसूता की मौत पर कांंग्रेस की महिला मोर्चे की नगर अध्यक्ष गीता मेहरा ने कड़ा रोष व्यक्त करते हुए इसे स्वास्थ्य विभाग एवं प्रदेश सरकार की घोर लापरवाही करार दिया।जारी बयान में श्रीमती मेहरा ने कहा कि आये दिन अल्मोड़ा के महिला अस्पताल में प्रसव के दौरान महिलाओं की मौत होना स्पष्ट प्रदर्शित करता है कि स्वास्थ्य विभाग महिलाओं के प्रति कितना उदासीन बना हुआ है।डबल इंजन की सरकार होने के बाद भी आज महिला अस्पताल में ऐसी स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध नही हैं कि सामान्य प्रसव के बाद भी प्रसूता की जान बचाई जा सके।उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं हमारे समाज के लिए बेहद शर्मनाक और दुर्भाग्यपूर्ण हैं।उन्होंने कहा कि क्या अल्मोड़ा के जनप्रतिनिधियों में इतनी भी सामर्थ नहीं है कि वे अल्मोड़ा के अस्पतालों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवा सकें।उन्होंने कहा कि एक ओर सरकार बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का नारा देती है और वहीं दूसरी ओर प्रसूताओं को बेहतर ईलाज के अभाव में दम तोड़ना पड़ रहा है जो कि बेहद दुःखद है।श्रीमती मेहरा ने कहा कि अब बहुत हो चुका,लगातार प्रसूताओं की मौत के बाद भी ना तो स्वास्थ्य विभाग की आंखे खुल रही और ना ही प्रदेश सरकार के साथ स्थानीय जनप्रतिनिधि कोई सकारात्मक पहल कर रहे।उन्होंने कहा कि गत रात्रि हुई प्रसूता की मौत की उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए कि कैसे सामान्य प्रसव के बाद भी अस्पताल प्रशासन महिला को नहीं बचा पाये।उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि एक माह के भीतर महिला अस्पताल की स्वास्थ्य सुविधाएं नहीं सुधरी तो कांंग्रेस पार्टी स्वास्थ्य विभाग एवं प्रदेश सरकार के खिलाफ चरणबद्ध तरीके से आन्दोलन को बाध्य होगी जिसकी समस्त जिम्मेदारी स्वास्थ्य विभाग, स्थानीय जनप्रतिनिधियों तथा प्रदेश सरकार की होगी।