अल्मोड़ा-कांग्रेस की जिला महामंत्री एवं सामाजिक कार्यकर्ता गीता मेहरा ने प्रैस को जारी एक बयान में कहा कि 8 मार्च को हम महिला दिवस मनाते हैं।लेकिन हमें हर रोज महिला दिवस मानकर महिलाओं को मान सम्मान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि कहीं न कहीं आज भाजपा की सरकार में महिलाएं अपने आप को असुरक्षित महसूस कर रही है।वैसे तो हर क्षेत्र में आज महिलाएं अपना लोहा मनवा रही है पर कहीं ना कहीं उनके साथ जो वारदातें आज भी घटित हो रही है वो दुर्भाग्यपूर्ण हैं।इसके लिए हमें सर्वप्रथम महिलाओं के प्रति अपनी मानसिक सोच को बदलना होगा।उन्हें एक सम्मान देना होगा।अगर मानसिक रूप से आदमी महिलाओं के प्रति अपनी सोच को बदल देगा तो फिर बाकी जो महिलाओं के साथ अकृत्य एवं अमानवीय घटनाएं होती है शायद वह कुछ रुक सके। उन्होंने कहा कि केवल एक दिन महिला दिवस मनाने से ही अपनी इतिश्री नहीं कर सकते। महिलाओं को उचित सम्मान मिले,महिलाओं के प्रति होने वाले अपराध समाप्त हो ये बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को सम्मान मिले और वे भयमुक्त हो यही अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस को चरितार्थ करती हैं।जिस दिन महिलाएं भयमुक्त होकर घर से निकल सकेंगी उस दिन वास्तव में अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस की परिकल्पना साकार होगी।
