अल्मोड़ा-महिला कांंग्रेस कमेटी अल्मोड़ा द्वारा आज चौघानपाटा में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत का पुतला दहन किया गया।इस अवसर पर महिला जिलाध्यक्ष लता तिवारी ने कहा कि विगत दिनों भाजपा प्रदेश अध्यक्ष द्वारा नेता प्रतिपक्ष डा० इन्दिरा हदृयेश के लिए घोर निन्दनीय एवं आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया गया था जिसकी हमसब निन्दा करते हैं।उन्होंने कहा कि बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का नारा देने वाली भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने सम्पूर्ण नारी समाज का घोर अपमान किया है।उन्होंने कहा कि भाजपा नेतृत्व ऐसी विकृत मानसिकता वाले व्यक्ति को अविलम्ब उनके पद एवं पार्टी से निकाल बाहर करे।उन्होंने कहा कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष की एक महिला पर की गयी इस तरह की टिप्पणी बेहद अशोभनीय एवं दुर्भाग्यपूर्ण हैं।उन्होंने कहा कि एक तरफ भाजपा महिला सशक्तिकरण की बात करती है और वहीं दूसरी ओर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भरी सभा में एक वरिष्ठ महिला नेता पर इस तरह की आपत्तिजनक टिप्पणी करते हैं और उस सभा में बैठे लोग ठहाके लगाकर हंसते हैं।इससे स्पष्ट होता है कि भारतीय जनता पार्टी महिला सम्मान के प्रति कितनी गम्भीर है।उन्होंने कहा कि डा० इंदिरा हदृयेश कांंग्रेस की वरिष्ठ नेता हैं और साथ में नेता प्रतिपक्ष भी हैं।उन्होंने कहा कि किसी भी पार्टी में प्रदेश अध्यक्ष का पद बेहद जिम्मेदार पद होता है।परन्तु भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने नेता प्रतिपक्ष के लिए इस तरह की बात करके सिद्व कर दिया है कि उनकी नजर में महिलाओं का कितना सम्मान है।उन्होंने कहा कि कांंग्रेस पार्टी की इतनी वरिष्ठ नेता पर भाजपा अध्यक्ष द्वारा की गयी टिप्पणी कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।उन्होंने कहा कि भाजपा के शीर्ष नेतृत्व को स्वयं मामले का संज्ञान लेकर अनुशासनात्मक कार्यवाही करनी चाहिए तथा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष को नेता प्रतिपक्ष से माफी मांगनी चाहिए।पुतला दहन कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष लता तिवारी,माया गैड़ा,गोपा नयाल,राधा तिवारी,हेमा तिवारी,किरन जोशी,राधा बिष्ट,पूनम आर्या,गीता मेहरा,लीला जोशी,दीपा त्रिपाठी,तारा तिवारी,मेघा पाण्डेय,ज्योति त्यागी,वरिष्ठ उपाध्यक्ष तारा चन्द्र जोशी,जिला उपाध्यक्ष पारितोष जोशी,सेवादल ध्वजवाहक संजय दुर्गापाल,जिला प्रवक्ता राजीव कर्नाटक,जिला सचिव दीपांशु पाण्डेय सहित दर्जनों कांंग्रेसजन उपस्थित रहे।