अल्मोड़ा-पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल ने आज प्रैस को जारी एक बयान में कहा कि लमगड़ा विकासखण्ड के जिन लिंक मोटर मार्गों में यातायात चल रहा है,विधानसभा चुनाव से पहले उन सभी सड़कों में गैस की गाड़ियां जा सकें इसके लिए सभी मोटर मार्गों को प्रस्तावित कर लिया गया था।यहां तक कि मेरधूरा सत्यों और पलना से चौमू दोनों लिंक मोटर मार्गों में गैस की गाड़ी से गैस वितरण भी होने लगा।विधानसभा चुनाव के परिणाम के बाद नई सड़कों में गैस की गाड़ी चलाना तो दूर उन दोनों सड़कों से भी गैस की गाड़ियां हटा दी गयी। उन्होंने प्रदेश सरकार पर बदले की भावना से काम करने का सीधा आरोप लगाया है।उन्होनें कहा कि भाजपा की कथनी और करनी में बहुत बड़ा अन्तर है।उन्होनें कहा कि उन्हें जानकारी मिली है कि इस समस्या के निदान के लिए समस्त क्षेत्रवासियों एवं जनप्रतिनिधियों ने पूर्व कांग्रेस ब्लाक अध्यक्ष लमगड़ा दीवान सिंह सतवाल के आह्वाहन पर उनको अपना समर्थन दिया है जो कि आगामी 21 जनवरी को लमगड़ा बाजार के चौराहे में गैस का वाहन रोक अपना विरोध दर्ज करायेंगे।श्री कुंजवाल ने कहा है कि इस विरोध प्रदर्शन में उनका भी पूर्ण समर्थन है तथा वे स्वयं कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे।उन्होंने जनहित के इस मुद्दे पर समस्त क्षेत्रवासियों एवं जनप्रतिनिधियों से प्रातः 9.30 बजे लमगड़ा बाजार में उपस्थित रहने की अपील की है।
