अल्मोड़ा-अल्मोड़ा में बन्दरों की दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही संख्या आम जनता की परेशानी का सबब बनती जा रही है।यूं तो पिछले कई वर्षों से अल्मोड़ा के नगर और ग्रामीण क्षेत्र में बन्दरों के द्वारा उत्पात मचाया जाता रहा है परन्तु विगत एक पखवाड़े से नगर क्षेत्र के चीनाखान,पोखरखाली,रानीधारा, एनटीडी,जाखनदेवी,एडम्स सहित अनेकों मोहल्लों में बन्दरों की भरमार है।लगभग हर समय ये बन्दर मोहल्लों में उत्पात मचाते देखे जा सकते हैं।खेतों में होने वाली सब्जी,फूलों एवं फलों को तो पहले से ही ये बन्दर नुकसान पहुंचाते आ रहे हैं अब हालात ये हैं कि लोगों की मौजूदगी में तक ये बन्दर घरों के अन्दर घुसकर सामान उठा ले जाने की तक हिम्मत करने लगे हैं।कई बार इनके काटने से कई लोग चोटिल भी हो चुके हैं।पूर्व में कई बार बन्दर पकड़़ने का अभियान भी अल्मोड़ा में चलाया गया पर इसका नतीजा भी शून्य ही निकला।अल्मोड़ा के अनेक सामाजिक संगठन एवम् जनता भी इन बन्दरों से निजात दिलाने की कई बार गुहार नगरपालिका, जिला प्रशासन एवम् प्रदेश सरकार से लगा चुकी है परन्तु कोई ठोस कार्यवाही आज तक नहीं हुई।यदि शीध्र ही बन्दरों के आतंक से अल्मोड़ावासियों को मुक्ति दिलाने की कोई ठोस रणनीति नहीं बनाई गयी तो भविष्य में बन्दरों की आबादी और अधिक बढ़ सकती है जिससे जनता की परेशानियां बढ़ेंगी।
