अल्मोड़ा-प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के समस्त खंडों के चालू कार्यों की समीक्षा बैठक जिलाधिकारी वंदना द्वारा नवीन कलेक्ट्रेट में की गई।नोडल अधिकारी द्वारा बैठक के लिए सूचनाओं का संकलन तैयार न करने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जाहिर की तथा डिवीजन वार सूचनाओं का संकलन करने के निर्देश दिए।प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के कार्यों की खराब प्रगति पर अधिकारियों को फटकार लगाई। विगत अप्रैल,मई एवं जून में कार्यों की प्रगति अनुकूल न होने पर जेई की जिम्मेदारी तय करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि यदि कार्यों में शिथिलता बरती गई तो संबंधित अधिकारी/कर्मचारी का वेतन आहरित न किया जाए तथा प्रतिकूल प्रविष्टि दर्ज की जाए।जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सितंबर माह तक पूर्ण होने वाले समस्त कार्यों का अधिशासी अभियंता स्वयं निरीक्षण करें तथा ठेकेदार से बैठक कर सितंबर माह के अंत तक अनिवार्य रूप से कार्यों को पूरा करें।उन्होंने कहा कि यदि ठेकेदार कार्यों में शिथिलता बरतता है तथा बॉन्ड के अनुसार कार्य नहीं करता है तो उसको नोटिस दिया जाए तथा विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाए।बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि जिन कार्यों में किसी प्रकार का विवाद है,इसके लिए संबंधित एसडीएम से वार्ता कर समाधान निकाला जाए।एनपीसीसी डिवीजन के कार्यों पर भी नाराजगी जाहिर की।साथ ही संबंधित जेई से कार्यों का गुणवत्ता प्रमाण पत्र लेकर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।बैठक में जिलाधिकारी ने सभी खंडों के ईई को निर्देश दिए कि निर्माणाधीन सड़कों को जेई वार आवंटित किया जाए तथा संबंधित जेई का लक्ष्य निर्धारित किया जाए।साथ ही कलवर्ट,पैराफीट तथा साइड वॉल के कार्यों की दैनिक रिपोर्ट का संकलन किया जाए।बैठक में जिलाधिकारी ने सितंबर माह तक सभी वित्तीय दायित्वों का भी निस्तारण करने के निर्देश दिए।कहा कि जो प्रकरण शासन स्तर पर यूआरआरडी पर लंबित हैं,उनका जिलाधिकारी के स्तर से पत्रलेख तैयार कर शासन को प्रेषित किया जाए।बैठक में प्रभारी मुख्य विकास अधिकारी केएन तिवारी, अधिशासी अभियंता पीएमजीएसवाई डीपीएस नेगी,प्रभारी ईई पीडब्ल्यूडी अमित बहुगुणा समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *