अल्मोडा़-भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पं० जवाहर लाल नेहरू जी की जयन्ती पर आज जिला कांंग्रेस कार्यालय अल्मोडा़ में कांंग्रेसजनों द्वारा उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गयी।इस अवसर पर कांंग्रेस जिलाध्यक्ष पीताम्बर पाण्डेय ने कहा बताया कि पंं० जवाहरलाल नेहरू का जन्म 14 नवम्बर 1889 को ब्रिटिश भारत में इलाहाबाद में हुआ।उनके पिता मोतीलाल नेहरू बैरिस्टर थे।उनकी माता स्वरूपरानी थुस्सू जो लाहौर में बसे एक सुपरिचित कश्मीरी ब्राह्मण परिवार से थी।जवाहरलाल तीन बच्चों में से सबसे बड़े थे,जिनमें बाकी दो लड़कियां थी।जवाहरलाल नेहरू को दुनिया के बेहतरीन स्कूलों और विश्वविद्यालयों में शिक्षा प्राप्त करने का मौका मिला था। उन्होंने अपनी स्कूली शिक्षा हैरो और कॉलेज की शिक्षा ट्रिनिटी कॉलेज, लंदन से पूरी की थी। उन्होंने अपनी लॉ की डिग्री कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय से पूरी की। हैरो और कैम्ब्रिज में पढ़ाई कर 1912 में नेहरूजी ने बार-एट-लॉ की उपाधि ग्रहण की और वे बार में बुलाए गए।पंडित नेहरू शुरू से ही गांधीजी से प्रभावित रहे और 1912 में कांग्रेस से जुड़े।1920 के प्रतापगढ़ के पहले किसान मोर्चे को संगठित करने का श्रेय उन्हीं को जाता है।1928 में लखनऊ में साइमन कमीशन के विरोध में नेहरू घायल हुए और 1930 के नमक आंदोलन में गिरफ्तार हुए तथा उन्होंने 6 माह जेल काटी।उन्होंने 1935 में अल्मोड़ा जेल में ‘आत्मकथा’ लिखी।उन्होंने कुल 9 बार जेल यात्राएं की। उन्होंने विश्वभ्रमण किया और अंतरराष्ट्रीय नायक के रूप में पहचाने गए।नगर अध्यक्ष पूरन सिंह रौतेला ने कहा कि पं० नेहरू को बच्चे प्यार से चाचा नेहरू कहकर बुलाते थे तथा वे बच्चों से बेहद स्नेह करते थे।इसलिए पं० जवाहरलाल नेहरू के जन्मदिवस को बाल दिवस के रूप में मनाया जाता है।कार्यक्रम में कांंग्रेस जिलाध्यक्ष पीताम्बर पान्डेय,महिला जिलाध्यक्ष लता तिवारी,कांंग्रेस नगर अध्यक्ष पूरन सिंह रौतेला,वरिष्ठ उपाध्यक्ष तारा चन्द्र जोशी,जिला प्रवक्ता राजीव कर्नाटक, जिला सचिव दीपांशु पान्डेय,राबिन मनोज भण्डारी,संजय दुर्गापाल सहित सैकड़ो कांंग्रेसजन उपस्थित रहे।